सास-बहू की जोड़ी ने कांग्रेस के टिकिट पर किया कमाल, दिग्गजो को धूल चटाई- Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शिवपुरी निकाय चुनावों के परिणाम सामने आ चुके हैं। शिवपुरी के निकाय चुनाव मे भाजपा को 22 कांग्रेस को 10 और 07 सीटों पर निर्दलीयों ने कब्जा किया हैं। लेकिन इस चुनाव में जहां देवरानी ओर जेठानी चुनाव लड रही थी वह दोनों ही हार गई। वही सास बहू की जोड़ी ने कांग्रेस के टिकट पर कमाल करते हुए अपने सामने खडे दिग्गजो को धूल चटा दी।

वार्ड क्रंमाक 34 से कांग्रेस के टिकिट पर चुनाव लड रही शशि आशीष शर्मा ने विजय का वरण किया है। शशि शर्मा के सामने भाजपा की ओर से थी वंदना अशोक अग्रवाल। अशोक अग्रवाल शहर के वरिष्ठ पत्रकार हैं और शहर की शान पटेल पार्क का विकास मॉडल उनके पास था। अशोक अग्रवाल पटेल पार्क के विकास के मॉडल को लेकर चुनाव मैदान में थे।

इस वार्ड की परिणाम पर पूरी निगाहे थी आज जैसे ही ईवीएम मशीनों ने अपने रिजल्ट उगलना शुरू किया तो शशि शर्मा ने वंदना अग्रवाल को करारी शिकस्त दी। शशि शर्मा को 947 मत मिले वही भाजपा की वंदना अशोक अग्रवाल को 580 ही मतो से संतोष करना पडा। शशि शर्मा इस वार्ड से 367 मतो से विजयी हुई है।

वही वार्ड क्रमांक 06 से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड रही मोनिका सीटू सडैया ने यह चुनाव जीता है। इस वार्ड में भाजपा तीसरे स्थान पर रही,मोनिका सीटू सडैया का मुकाबला निर्दलीय श्‍वेता तरुण अग्रवाल से रहा। इस वार्ड के परिणाम पर भी शहर की निगाहे थी। तरुण अग्रवाल शिवपुरी विधायक और कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के नजदीक है और भाजपा से टिकट की मांग कर रहे थे।

लेकिन भाजपा ने श्‍वेता तरुण अग्रवाल को टिकट नही दिया इस कारण बागी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लडा। ऐसा माना जा रहा था कि अगर भाजपा की सीटें कम आती हैं और निर्दलीय पार्षदों की संख्या अधिक होती हैं तो श्‍वेता तरुण अग्रवाल को अध्यक्ष के रूप में प्रोजेक्ट किया जा सकता था लेकिन यह चुनाव हैं यह कुछ भी हो सकता है और ऐसा ही कुछ इस वार्ड में हुआ वैश्य समाज के इस वार्ड में सेठजी को नकार दिया गया। मोनिका सीटू सैया को 1233 वोट मिले वही श्‍वेता तरुण अग्रवाल को 772 वोट से ही संतोष करना पडा। मोनिका सीटू सडैया वार्ड क्रमांक 06 से 461 वोटों से चुनाव जीत गई।

शशि शर्मा और मोनिका सीटू सडैया है सास बहू

शशि शर्मा और मोनिका सीटू सडैया में सास बहू का रिलेशन हैं। बताया जा रहा है कि शशि शर्मा मोनिका सीटू सडैया की मामी सास है और मोनिका सीटू सडैया शशि शर्मा की भानेज बहू हैं। सास बहू की इस जोड़ी ने कांग्रेस के टिकट पर कमाल करते हुए दिग्गजो को धूल चटाई है इस विषय की चर्चा पूरे शहर में हैं।
G-W2F7VGPV5M