भाजपा जिला कार्यकारिणी: तोमर—रावत गुट का वर्चस्व,आधा दर्जन समर्थक सिंधिया सरकार के- Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
भाजपा की जिला कार्यकारिणी गठन मेंं तमाम दबावों से जूझ रहे भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने आखिरकार दो साल बाद अपनी बहुप्रतिक्षित कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। कार्यकारिणी में आमूलचूक परिवर्तन किया गया है। तीनों निवर्तमान महामंत्री हटा दिए गए हैं। उपाध्यक्ष और मंत्री पदों पर भी बडे पैमाने पर बदलाव देखने को मिला है।

प्रथम दृष्टि में तो कार्यकारिणी में सभी गुटों को साधने की कोशिश दिखाई दे रही है। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के 6 समर्थकों को भी स्थान देकर सिंधिया समर्थकों को पार्टी की मुख्य धारा में समाहित किया गया है। यशोधरा राजे सिंधिया समर्थकों की संख्या में इजाफा तो नहीं हुआ है। लेकिन फिर भी उनके तीन समर्थक कार्यकारिणी में हैं। कार्यकारिणी गठन में जिलाध्यक्ष राजू बाथम उनके हाथ भी कहीं-कहीं बंधे हुए नजर आ रहे हैं।

कार्यकारिणी में तीनों पुराने महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा गुरू, राजकुमार खटीक और जगराम सिंह यादव स्थान बनाने में सफल नहीं हो पाए हैं। उनके स्थान पर सोनू प्रवेंद्र बिरथरे, गगन खटीक और पृथ्वीराज सिंह जादौन को महामंत्री बनाया गया है। सबसे खास बात यह है कि तीनों महामंत्री किसान मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत के अनुयायी हैं।

श्री रावत भाजपा की गुटबाजी में केन्द्रीय मंत्री नरेंद सिंह तोमर गुट का प्रतिनिधित्व करते हैं। भाजपा के नवनियुक्त महामंत्री पृथ्वीराज सिंह जादौन को मंत्री पद से पदोन्नत कर महामंत्री बनाया गया है। श्री जादौन पोहरी विधानसभा क्षेत्र से हैं। जबकि दो अन्य महामंत्री सोनू बिरथरे और गगन खटीक जनपद पंचायत शिवपुरी के अध्यक्ष रह चुके हैं। श्री बिरथरे भाजयुमो और किसान मोर्चे के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

उपाध्यक्ष के 3 पदों पर सिंधिया समर्थक प्रहलाद यादव खनियांधाना, राकेश गुप्ता और पवन जैन की ताजपोशी हुई है। जबकि यशोधरा राजे समर्थकों में अशोक खंडेलवाल यथावत हैं। लेकिन तेजमल सांखला के स्थान पर नबाव सिंह कुशवाह को स्थान दिया गया है। पिछली कार्यकारिणी के कोषाध्यक्ष रहे दिलीप मुदगल भी यशोधरा राजे समर्थक हैं उन्हें भी जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनके अलावा हेमंत ओझा और मंजूला जैन पिछली कार्यकारिणी में भी उपाध्यक्ष थीं और उनके पद में इस बार भी कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

विपिन खैमरिया भाजपा कोलारस मंडल के अध्यक्ष रहे हैं। रामकली जाटव कांग्रेस से भाजपा में आई हैं, उन्हें भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। ओमप्रकाश जैन ओमी नगर मंडल के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। जिलाध्यक्ष बाथम ने अपनी कार्यकारिणी में 11 मंत्रियों को भी शामिल किया है। इनमें अवतार सिंह गुर्जर, हरिओम रघुवंशी और कैलाश कुशवाह केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के समर्थक हैं। सरोज धाकड़् पुरानी कार्यकारिणी में भी मंत्री थीं, इस बार भी उनका मंत्री पद यथावत रखा गया है। श्रीमति धाकड़ यशोधरा राजे समर्थक हैं।

नवनियुक्त महामंत्री जयप्रकाश सोनी भाजपा की गुटबाजी में रणवीर सिंह रावत गुट का प्रतिनिधित्व करते हैं। जबकि बैराड के नरोत्तम रावत पूर्व विधायक प्रहलाद भारती के समर्थक हैं। नवनियुक्त मंत्री मुकेश चौहान भाजयुमो के जिलाध्यक्ष पद से पदोन्नत होकर मंत्री बने हैं। इनके अलावा मनीष अग्रवाल, राजकुमारी लोधी, पूनम राजौरिया और बती आदिवासी भी मंत्री बनी हैं। पूर्व विधायक देंवेद्र जैन ने अपने पुत्र सक्षम जैन को पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाने मं सफलता हांसिल की है। कार्यालय मंत्री पद पर अमित भार्गव यथावत रखे गए हैं।
G-W2F7VGPV5M