शिवपुरी। आज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में बैठे श्रीराम कॉलोनी निवासी एक युवक सुशांत सक्सैना द्वारा ग्वालियर-रतलाम इंटरसिटी ट्रेन की चैन पुलिंग कर ट्रेन रोकने के मामले में आरपीएफ पुलिस ने सुशांत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने चैन पुलिंग का कारण भूलवश दूसरी ट्रेन में बैठ जाना बताया है।
जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े 9 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस शिवपुरी स्टेशन पर पहुंची और यात्रियों के बैठने के बाद ट्रेन चलने लगी तो ट्रेन की चैन पुलिंग कर दी गई। जिससे ट्रेन रूक गई। चैन पुलिंग की जानकारी लगने पर आरपीएफ पुलिस ने चैन पुलिंग करने वाली की तलाश की तो पुलिस के हत्थे एक युवक सुशांत सक्सैना लग गया।
जिसे पुलिस ने पकड़ लिया और उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे झांसी बांद्रा ट्रेन से बडोदरा जाना था, जो ट्रेन लेट हो गई। जिसका उसे पता नहीं लगा और जिस समय पर झांसी बांद्रा ट्रेन आनी थी, उसके स्थान पर ग्वालियर रतलाम इंटरसिटी एक्सप्रेस आ गई। जिसे उसने झांसी-बांद्रा ट्रेन समझा और उसमें जाकर बैठ गया।
इसी बीच ट्रेन चलने लगी। उसने आस पास बैठे यात्रियों से जानकारी ली तो उसे ज्ञात हुआ कि यह वह ट्रेन नहीं है। जिसमें उसे जाना है। जिससे वह घबरा गया और उसने चलती ट्रेन को रोकने के लिए चैन पुलिंग कर दी। फिलहाल आरपीएफ पुलिस ने सुशांत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

