शिवपुरी। आज देश के सड़क परिवहन व राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय से मध्य प्रदेश को बड़ी सौगात मिली है। CRIF (सेन्ट्रल रोड एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड) योजना से मध्य प्रदेश में 1814 करोड़ रुपए लागत की 23 सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इसमें ग्वालियर की चार प्रमुख सड़क मार्ग हैं। जिनमें केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का ड्रीम प्रोजेक्ट एलिवेटेड रोड भी शामिल है।
इसके पहले फेस में लक्ष्मीबाई समाधि स्थल से IIITM तक एलिवेटेड रोड बननी है। इसके बाद ग्वालियर के ट्रैफिक की दशा दिशा दोनों बदल जाएगी। MP को बड़ी सौगात और उसमें ग्वालियर की चार प्रमुख सड़कों को उसमें मंजूरी मिलने पर केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर खुशी व्यक्त करते हुए सड़क परिवहन व राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गड़गरी को दिल से धन्यवाद दिया है।
बार-बार लिखते रहे हैं सिंधिया पत्र - केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बार-बार ग्वालियर की एलिवेटेड रोड को CRIF योजना के तहत शामिल करने के लिए बार-बार पत्र लिखते रहे हैं।
हाल ही में उन्होंने 21 सितंबर को नितिन गडकरी को पत्र लिखकर इन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को स्वीकृति देने का अनुरोध किया था। इसमे ग्वालियर, अशोकनगर, शिवपुरी और गुना जिले की सड़क निर्माण की मांग की गई थी। केंद्रीय सड़क निधि योजना के तहत इन सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति देने का अनुरोध सिंधिया ने किया था।
लगभग 600 किमी लंबाई की यह सड़कें उनके द्वारा ही प्रस्तावित की गई थीं। जिसमें ग्वालियर-चंबल की सड़कें ज्यादा थीं। सड़क एवं परिवहन मंत्री ने इनकी स्वीकृति प्रदान कर दी है और इसकी पुष्टि खुद सिंधिया ने अपने ऑफिशियल फेसबुक पेज पर की है।
ग्वालियर की इन सड़कों का मिली मंजूरी
ग्वालियर में सिंधिया का ड्रीम प्रोजेक्ट एलिवेटेड रोड है। जब से ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा की सदस्यता ली है वह इस प्रोजेक्ट पर लगे हुए हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत ग्वालियर के बीच से बह रहे नदी (अब नाला) के ऊपर रोड प्रस्तावित है। यह रोड हनुमान बांध से ट्रिपल आईटीएम संस्थान तक करीब साढ़े 14 किलोमीटर तक बननी है।
जिसकी अनुमानित लागत लगभग 850 करोड़ रुपए है। पर यह पूरी रोड का काम दो फेस में होना है। पहला फेस लक्ष्मीबाई समाधि से IIITM तक करीब 6.5 किलोमीटर की रोड है। इसकी अनुमानित लागत 406 करोड़ है। शेष रोड का काम दूसरे फेस में होगा। CRIF योजना के तहत इस रोड को मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा जिन तीन रोड को मंजूरी मिली है वह इस प्रकार हैं।
भितरवार-करहिया-चीनोर रोड जिसकी लंबाई लगभग 32.8 किलोमीटर और लागत 74.8 करोड़ रुपए हैं। छितौली-रानीघाटी, रानीघाटी से मंदिर तक सड़क लगभग 11.6 किलोमीटर लंबी और लागत 28.5 करोड़ रुपए है। डबरा से पिछोर सड़क, कटारे बाबा की समाधि और वहां से सरनागत बड़ेरा रोड लगभग 4.5 किलोमीटर जिसकी लागत 4.9 करोड़ रुपए अनुमानित है जो मंजूर हो गई है। इसे लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय शर्मा ने आभार प्रकट किया है।

