बैराड। खबर जिले के बैराड अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले ग्राम सकतपुर की है जहां एक युवक को आपसी रंजिश के चलते उसका पडोसी अपने साथ ले गया और उसे शराब मे जहर मिला कर पिला दिया। जब युवक ने शराब पीने से मना किया तो उसके साथ मारपीट भी की। जब पीडित का भाई बैराड थाने मे आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराने पहुंचा तो आरोपी के खिलाफ मामला भी दर्ज नही किया गया।
जानकारी के अनुसार बैराड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सकतपुर निवासी घनश्याम शाक्य पुत्र बाबू शाक्य का 3 महिने पहले पडोस मे रहने वाले नारायण शाक्य से विवाद हो गया था, जिसके बाद नारायण शाक्य की पत्नि कला शाक्य ने घनश्याम के खिलाफ छेड़छाड का मामला दर्ज कराया था।
बीते सोमवार को नारायण शाक्य अपने साथी उत्तम पाल के साथ घनश्याम शाक्य के घर पहुंचा और उसे उसके घर से यह कह कर ले गया कि उसकी पत्नि द्धारा पहले दर्ज कराए मामले मे वह राजीनामा करा देगा और उसकी जमानत भी करा देगा।
घर से ले जाने के बाद आधे रास्ते मे आरोपी नारायण ने घनश्याम को जबरदस्ती शराब पिलाई और जब उसने शराब पीने से मना किया तो उसके साथ मारपीट भी की जिसके बाद आरोपी उसे घर के बाहर छोड कर भाग गए। घर पहुंच कर पीडित ने बताया की उसे शराब मे जहर मिला कर पिलाया गया है। जिसके बाद युवक के परिजन उसे बैराड स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे जहां से युवक की गंभीर स्थिती को देखते हुए उसे शिवपुरी जिला चिकित्सालय मे रैफर कर दिया गया था। इलाज के बाद अब युवक की हालात मे सुधार है।
युवक के परिजन जब इस पूरे मामले मे आरोपी नारायण के खिलाफ मामला दर्ज कराने बैराड थाने पहुंचे तो वहां भी उनकी कोई सुनवाई नही हुई और पीडित के भाई को बिना एफआईआर दर्ज किए ही थाने से चलता कर दिया।

