मावठ की बारिश के बाद खिले बादल,अब बढेगी ठंड,किसानों के लिए अमृत की बारिश- Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। जिले में लगातार दो दिन हुई मावठ की बारिश के बाद आज आसमान साफ होते ही धूप निकली। धूप निकलते ही अब ठंड बढने के आसार है। यह बारिश किसानों के लिए अमृत के समान है। बादलों ने बीते दो दिन शिवपुरी जिले में डेरा डाल दिया था। शुक्रवार की रात और शनिवार की सुबह खनियाधाना तहसील छोड़कर शिवपुरी शहर सहित पूरे जिले में बारिश हो गई।

मावठ की यह बारिश रबी फसलों के लिए अमृत के समान है। चौबीस घंटे में नरवर व कोलारस में 12-12 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि करैरा में 10 मिमी बारिश हुई है। 48 घंटे के भीतर शिवपुरी शहर में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई है। अरब सागर में बने सिस्टम व उत्तर भारत में पहुंचे वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण जिले का आसमान शुक्रवार की सुबह से बादलों की ओट से ढका है।

पहले दिन शुक्रवार की रात आधे जिले में बारिश हुई। शनिवार की सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे तक शिवपुरी शहर में पानी बरसा। बादलों की वजह से सुबह धुंध छाई रही है। बादलों की वजह से रात के पारे में जहां उछाल चल रहा है, वहीं दिन का पारा ऊपर-नीचे हो रहा है। शुक्रवार को अधिकतम पारा 25 व न्यूनतम पारा 14 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को अधिकतम पारा 22 व न्यूनतम 15 था। यानी दिन के पारे में तीन डिग्री का उछाल आ गया है और न्यूनतम पारा एक डिग्री लुढ़क गया है।

आसमान साफ होने के बाद सर्दी का असर बढ़ेगा जिले में दो दिन मावठ की बारिश हो गई है। अभी बादल छाए रहने से सर्दी का असर उतना मेहसूस नहीं हो रहा है। लेकिन जैसे ही आने वाले 24 घंटे में बादल छटेंगे, सर्दी का असर बढ़ता चला जाएगा। न्यूनतम पारे में लगातार गिरावट आने से इस साल सर्दी अधिक समय तक रहने की संभावना है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मावठ की बारिश के बाद मंगल बार से मौसम में ठंडक बढ जाएगी और पारा लुडककर 12 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा।
G-W2F7VGPV5M