स्वास्थ्य ​स्वयंसेवक अभियान लोगों का जीवन बचाने का अभियान: राजू बाथम- Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी का आयाम बहुत बड़ा है। भाजपा हमेशा मानवता की सेवा के लिए काम कर रही है। कोविड के दौरान पार्टी ने सेवा ही संगठन के जरिए दुनिया का सबसे बड़ा सेवा अभियान चलाया। आज कोरोना की संभावित तीसरी लहर को ध्यान में रखकर 'राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियानÓ के माध्यम से बूथ स्तर तक प्रशिक्षित टीम खड़ी कर रही है।

आज भारतीय जनता पार्टी का यह अभियान लोगों के जीवन बचाने और ताकत देने का अभियान है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजू बाथम ने नगर शिवपुरी एवं पुरानी शिवपुरी की मंडल कार्यशाला में स्वास्थ्य स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कही। जिला अध्यक्ष ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से हम सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। कार्यशाला को पार्टी के जिलाध्यक्ष राजू बाथम, मुख्य वक्ता आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ राकेश राठौर जिला उपाध्यक्ष अशोक खंडेलवाल नगर महामंत्री हरिओम राठौर मंडल अध्यक्ष केपी परमार, मंडल अध्यक्ष विपुल जैमिनी, डॉक्टर रश्मि गुप्ता, श्रीमती सरोज धाकड़ शिवम दुबे मंचासीन रहे।

कोरोना संकट में हमने प्रभावी सामाजिक भूमिका निभाई

प्रशिक्षण वर्ग में मुख्य वक्ता डॉ राकेश राठौर ने कहा कि कोरोना की पहली लहर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सामाजिक भूमिका निभाई। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सेवा ही संगठन अभियान का आव्हान किया, तो कार्यकर्ता सेवा कार्य में लग गये। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई दिनों से नंगे पांव चल रहे श्रमिकों को चप्पल पहनाने का काम किया तो नि:शुल्क राशन और भोजन वितरण का अभियान भी हाथ में लिया।

उन्होंने कहा कि राजनीति तो हम करते रहेंगे, लेकिन हमारा धर्म राजनीति के साथ सामाजिक भूमिका का निर्वहन करते रहना है। पूरी दुनिया में पहली बार ऐसे संकट में किसी राजनीति दल ने इतनी प्रभावी सामाजिक भूमिका निभाई तो वह केवल भारतीय जनता पार्टी ही है। कोरोना लहर में व्यापक संकट था, लेकिन संगठन ने आपदा प्रबंधन और सरकार द्वारा गठित टास्क फोर्स ने मिलकर काम किया। जिसके सार्थक परिणाम सामने आए।

लोगों को जागरूक कर सकारात्मक वातावरण बनायेंगे स्वास्थ्य स्वयंसेवक

श्री अशोक खंडेलवाल ने कहा कि कोरोना संकट की संभावित तीसरी लहर को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व ने हर बूथ पर स्वास्थ्य स्वयंसेवक खड़ा करने का जो विजन दिया है, उसमें हम सफल हो रहे हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान प्रदेश के 65 हजार बूथों तक पहुंचेगा। 1 लाख, 10 हजार से अधिक लोगों का अभियान के अंतर्गत पंजीयन हो चुका है और 1070 मंडलों में डॉक्टर्स सूचीबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में आप लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

प्रशिक्षित स्वास्थ्य स्वयंसेवक प्रत्येक बूथ के लोगों की स्वास्थ्य समस्याओं का निवारण करेंगे और कोविड के प्रति लोगों को जागरूक कर सकारात्मक वातावरण बनायेंगे। लोगों को कोरोना गाइडलाइन के पालन के साथ मास्क लगाने के लिए प्रेरित भी करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य स्वयंसेवक के रूप में पूरे प्रदेश में एक बड़ा नेटवर्क खड़ा हुआ है। आप लोगों की बूथ पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे निभाने के लिए प्रतिबद्ध होकर काम करें। इस अवसर पर भाजपा के जिला पदाधिकारी मंडल पदाधिकारी ग्राम केंद्र के पालक संयोजक एवं बूथ के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
G-W2F7VGPV5M