BREAKING NEWS- बिलोकलां तालाब में बवंडर, 2 फुट पानी गायब

NEWS ROOM
सत्येंद्र उपाध्याय/शिवपुरी।
तहसील के बिलोकलां तालाब में अचानक बवंडर दिखाई दिया और तालाब का पानी आसमान की तरफ चला गया। तालाब लगभग 2 फुट खाली हो गया है। सिंघाड़े की फसल भी उखड़ कर गिर गई है। इस घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्र में दहशत है। आश्चर्यजनक बात यह है कि SDM शिवपुरी को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।

यह घटना मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के ग्राम बिलोकलां की है। ग्रामीणों ने घटना को वीडियो में रिकॉर्ड किया है। इस घटना के कारण आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है। वीडियो में एक बवंडर साफ दिखाई दे रहा है। यह बिल्कुल वैसा ही है जैसा गर्मी के मौसम में रेगिस्तान में उठता है। यह बवंडर तालाब के ठीक ऊपर उठ रहा था। इसके शांत हो जाने के बाद जब ग्रामीणों ने देखा तो तालाब में पानी कम हो गया था। नापने पर लगभग 2 फुट पानी कम हो गया था।

इस मामले में शिवपुरी जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। ग्रामीण क्षेत्र में लोग इसे देवताओं का प्रकोप मान रहे। लोग इस कारण भी दहशत में है कि यदि यह बवंडर तालाब के बजाय ग्रामीण क्षेत्र में उठा होता तो लोगों के घर उड़ जाते।

इसे वाटरस्पॉट कहते हैं, पानी बादलों में नहीं जाता

महेश कुमार, मौसम विशेषज्ञ रोहतक का कहना है कि इसे वाटरस्पॉट कहते हैं। यह एक प्राकृतिक घटना है। इसमें पानी ऊपर की ओर जाता है और कुछ समय बाद ही आसपास गिर भी जाता है। इससे ज्यादा नुकसान नहीं होता है।
G-W2F7VGPV5M