वैक्सीनेशन महाअभियान: आमंत्रण पत्र और पीले चावल देकर किया जा रहा है आमंत्रित - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। प्रदेश में 21 जून से शुरू हो रहे वैक्सीनेशन महाअभियान की तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है। इस अभियान में सभी की सहभागिता हो और 18 वर्ष से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति टीकाकरण से ना छूटे। इसके लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, बीएलओ, शिक्षकों द्वारा घर घर जाकर आमंत्रण पत्र दिए जा रहे हैं। लोगों से संपर्क कर पीले चावल देकर वैक्सीन लगवाने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और शिक्षक सहित अधिकारियों कर्मचारियों की टीम ग्रामीणों को अपने नजदीकी वैक्सीनेशन केंद्र पर जाकर वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित कर रही है।

जागरूकता रथ के माध्यम से किया जा रहा है जागरूक

वैक्सीनेशन महाअभियान को एक जन अभियान बनाने के लिए सभी को इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। शहरी हो या ग्रामीण सभी क्षेत्रों में जन जागरूकता के भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं।

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के निर्देशानुसार हर विकासखंड में जागरूकता रथ के माध्यम से वैक्सीन के प्रति जन जागरूकता के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रत्येक विकासखंड में दो दो वाहन लगाए गए हैं जो अलग-अलग क्षेत्र में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। इनके माध्यम से ग्रामीणों को जानकारी दी जा रही है। वह अपने नजदीकी वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर वैक्सीन लगवाएं क्योंकि हमारी सुरक्षा के लिए वैक्सीनेशन बहुत जरूरी है।