होल्ड पर रखा पोहरी विधानसभा का कांग्रेस का टिकट 3 दिन में होगा घोषित - SHIVPURI NEWS

NEWS ROOM
शिवपुरी।
प्रदेश में आगामी 27 विधानसभा सीटों के उपचुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने प्रत्याशियों की घोषणा में भाजपा से बाजी मार ली है। कांग्रेस ने 27 सीटों में से अभी तक 15 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का अधिकृत रूप से ऐलान कर दिया है। जबकि शेष 12 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा दो-तीन दिन के भीतर होने की उम्मीद है।

पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ प्रत्याशियों के नाम की सूची लेकर दिल्ली गए हैं। सूत्रों के अनुसार शेष सभी 12 सीटों के लिए उन्होंने सिंगल नाम दिए हैं और एआईसीसी जल्द ही 12 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। जबकि भाजपा की सूची का अभी इंतजार है।

सूत्रों के अनुसार भाजपा कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले सभी 25 पूर्व विधायकों को उम्मीदवार बनाएगी। लेकिन अभी तक किसी भी सीट पर प्रत्याशी के नाम की अधिकृत घोषणा नहीं हुई है। शिवपुरी जिले की दो विधानसभा सीटों करैरा और पोहरी में से कांग्रेस ने करैरा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार प्रागीलाल जाटव के नाम की अधिकृत घोषणा कर दी है।

जबकि पोहरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी के नाम की घोषणा होना अभी शेष है। इसका प्रमुख कारण यह बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक राजकुमार पटेल अपने रिश्तेदार प्रधुम्र वर्मा के नाम की पैरवी कर रहे है।

जबकि कांग्रेस समीकरण को देखते हुए धाकड़ उम्मीदवार को टिकट देने में उत्सुक नहीं दिख रही। क्योंकि भाजपा के संभावित प्रत्याशी सुरेश राठखेड़ा धाकड़ हैं। धाकड़ वर्ग में प्रधुम्र वर्मा के अलावा विनोद धाकड़ का नाम भी चर्चा में है।जबकि ब्राह्मण वर्ग से पूर्व विधायक हरिवल्लभ शुक्ला का नाम लिया जा रहा है।
G-W2F7VGPV5M