शराबी युवकों ने पडौसी के घर पर किया पथराव, डंडों से पीटा / Pohri News

पोहरी। जिले के पोहरी के ग्राम अगर्रा मेें दो शराबी युवकों ने शराब के नशे में धुत्त होकर पड़ोसी के घर पर पथराव कर दिया। जब पीडि़त परिवार के सदस्यों ने बाहर निकलकर आरोपियों द्वारा किए गए पथराव को लेकर विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने मिलकर फरियादी की लाठी डंडों से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में दोनों शराबी युवकों के खिलाफ भादवि की धारा 323, 294, 458, 336, 506, 34 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार मिंचू पुत्र रमेश जाटव बिगत रात्रि अपने घर पर था। तभी शराब के नशे में धुत्त होकर दो आरोपी मोहर सिंह जाटव और देवसिंह जाटव वहां पहुंचे और उन्होंने बेवजह ही मिंचू के घर पर पथराव कर दिया। घर में पत्थर आते देख। मिंचू जाटव घर से बाहर निकला तो दोनों आरोपी उसे गालियां देने लगे।

जब उसने घर पर पथराव करने का कारण पूछा तो आरोपियों ने फरियादी के घर आकर लाठी डंडों से मारपीट करनी शुरू कर दी। जिससे मिंचू चोटिल हो गया। इसके बाद दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए।