कोलारस के 11 गांवों का संपर्क कटा, 4 माह तक बंद हुआ रास्ता, मडीखेडा में बड़ा 5 मीटर पानी | KOLARAS, SHIVPURI NEWS

Bhopal Samachar
शिवपुरी। जिले और अंचल में हो रही लगातार बारिश के चलते अब नदी नाले उफान पर आने लगे हैं। इससे किसानो के चेहरे तो खिल गए तो वही कुछ जगह पानी अब समस्या बनने लगा हैं। कोलारस के अटरूनी के अडंरब्रिज में पानी भरने से 11 गांवो का सपर्क कट चुका है,तो वही सिंध के उफनने से मडीखेडा डेम 5 मीटर पानी की बढोतरी की खबर आ रही हैं।

कोलारस में अटरूनी के रेलवे अंडरब्रिज में शनिवार को अचानक पानी भर गया। इससे 11 गांवों का रास्ता रुक गया। अब बारिश के पूरे चार महीने यह रास्ता बंद रहेगा।यह अंडरब्रिज 12 साल पहले बना था, तब से हर साल ऐसे हालात बनते हैं। ग्रामीण जनप्रतिनिधियों और अफसरों को कई बार समस्या बता चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में ग्रामीण पुलिया के ऊपर चढ़कर रेलवे पटरियों को क्राॅस कर वाहन निकालते हैं, लेकिन हादसे की आशंका बनी रहती है।  

जिले में पिछले साल से अभी भी 123.22 मिमी बारिश कम

जिले में 1 जून से अब तक 314.26 मिमी औसत वर्षा दर्ज हुई है। गत वर्ष 27 जुलाई तक 437.48 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी। इस प्रकार अभी भी 123.22 मिमी बारिश कम हुई है। भू-अभिलेख अधीक्षक राकेश कुमार ढोडी ने बताया कि जिले की औसत वर्षा 816.3 मिमी है। गत वर्ष जिले में कुल 1047.3 मिमी वर्षा रिकाॅर्ड की गई थी। अब तक कुल 38.27 प्रतिशत बारिश हो चुकी है।

शहर में कई जगह भरा पानी

शहर में दोपहर 3.30 बजे बादल आए और 4 बजे से तेज बारिश शुरू हो गई। करीब 20 मिनट में कुल 2 मिमी बारिश दर्ज हुई, लेकिन इस बारिश से कई गलियों में पानी भर गया। एबी रोड पर भी एक फुट तक पानी भर गया जो कुछ देर बाद उतर गया। ऐसे में निजी स्कूलों के बच्चों की जब छुट्टी हुई तो उन्हें घर ले जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। परिजन गोदी में उठाकर बच्चों को ले गए। शहर की शिव कॉलोनी, विजयनगर कॉलोनी में भी पानी भरने से परेशानी का सामना करना पड़ा।

मडीखेडा डेम में 5 मीटर पानी की बढोतरी

गुना सहित अशोकनगर जिले में हुई मूसलाधार बारिश से सिंध नदी में उफान आ गया हैं इसका असर अब मडीखेडा बांध में भी दिखने लगा हैं। शनिवार तक डेम का जलस्तर 334.75 मीटर जा पहुंचा है डेम का अधिकतम जलभरव स्तर 346 मीटर है। मानसून से पूर्व डेम का जलस्तर 330 मीटर था। इस कारण अब डेम का जलस्तर लगभग 5 मीटर बढ गया हैं।
G-W2F7VGPV5M