मुनीम लूट कांड मामले में एक आरोपी पकड़ा, दूसरे की तलाश में पुलिस मुंबई रवाना | SHIVPURI NEWS

शिवपुरी। 13 अप्रैल की रात्रि आनंदपुर ट्रस्ट के पास कोल्डड्रिंक डीलर के यहां मुनीम नरेंद्र पुत्र मुरारीलाल मिश्रा और उनके हैल्पर लखन रजक पर जानलेवा हमला बोलकर 85 हजार रूपए लूटने के मामले में पुलिस ने मनियर निवासी एक आरोपी दीपक उर्फ छोटू कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसका दूसरा साथी आशीष कर्णावत मुम्बई चला गया है जिसकी लोकेशन के आधार पर पुलिस मुम्बई रवाना हो गई है। 

पुलिस ने पकड़े गए लुटेरे दीपक कुशवाह से फरियादी का आधार कार्ड और लूट के 15 हजार रूपए बरामद कर लिए हैं। लुटेरों का सुराग पुलिस को वहां स्थित एक होटल के सीसीटीवी फुटेज और कॉल ट्रेस के बाद लगा और इसी आधार पर पुलिस ने बदमाशों की सर्चिंग शुरू कर दी थी और मंगलवार की शाम मनियर पुराने बायपास पर स्थित पेट्रोल पंप से डीजे वाहन में डीजल डलाते हुए दीपक को पुलिस ने उठा लिया था। 

इसके बाद परिजनों ने एसपी बंगले का घेराव किया था और उनके समर्थन में नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह भी पहुंचे थे, लेकिन जब घेराव करने वाले लोगों को ज्ञात हुआ कि दीपक मुनीम लूटकांड में आरोपी है तो वह सभी प्रदर्शनकारी वहां से चले गए। 

ज्ञात हो कि 13 अप्रैल की शाम नरेंद्र पुत्र मुरारीलाल मिश्रा और लखन रजक प्रतिदिन की तरह आनंद ट्रस्ट के पास स्थित कोल्डड्रिंक के गोदाम से हिसाब किताब करने के बाद रूपए जमा करने डीलर के यहां जा रहे थे। उसी दौरान पोहरी बायपास पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को रोककर बैग छीनने का प्रयास किय और जब मुनीम और उनके साथी ने बदमाशों से संघर्ष किया तो बदमाशों ने उनके  सिर पर सरिये से प्रहार कर दिया जिससे दोनों घायल हो गए और बदमाश उनका 85 हजार रूपए से भरा बैग छीनकर ले गए। 

उस समय पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया। जहां एक होटल के कैमरे में उक्त बदमाश घटना कारित करते हुए कैद हो गए। इसके बाद से ही पुलिस सक्रिय हो गई और कल घटना में शामिल एक लुटेरे दीपक उर्फ छोटू कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया जिसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उन्होंने घटना घटित करने से पहले मुनीम की रैकी की थी और इसके बाद उन्होंने सही समय देखकर घटना को अंजाम दे दिया। 

उसके साथ उसका मित्र आशीष कर्णावत भी था जो लूट के बाद आधी रकम लेकर मुम्बई चला गया और कल वह भी शिवपुरी से भागने की जुगत में था, लेकिन पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र के जरिए दीपक को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। 

इनका कहना है-
दीपक कुशवाह बीते 13 अप्रैल को मुनीम के साथ हुई लूट की वारदात में शामिल था जिसे कल गिरफ्तार कर लिया गया है उसके पास से 15 हजार रूपए और फरियादी का आधार कार्ड बरामद हुआ है उसके दूसरे साथी की लोकेशन मुम्बई से आई है जिसे पकडऩे के लिए टीम रवाना हो रही है और जल्द ही दूसरे लुटेरे को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा जिससे शेष रकम भी बरामद हो सकेगी। 
राजेश हिंगणकर एसपी शिवपुरी