बैराड़। खबर जिले के बैराड़ में स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में मंगलवार की देर रात हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से वहां से गुजर रहे नगर पंचायत के सफाईकर्मी की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार बीते रात 19 वर्षीय धीरू पुत्र संजय बाल्मीक अपने बड़े भाई सज्जन बाल्मीक के साथ अस्पताल के पास से गुजर रहा था तभी अचानक से अस्पताल क्षेत्र से निकली हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। जो धीरू की गर्दन पर जा गिरा। जिससे धीरू बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद वहां काफी भीड़ एकत्रित हो गई और पुलिस को वहां बुलाया गया वहीं बिजली अधिकारियों से तुरंत बिजली सप्लाई बंद कराई गई। मृतक बैराड़ नगर पंचायत में ठेके पर सफाई का कार्य करता था। हाईटेंशन लाइन टूटने से काल के गाल में समाए धीरू बाल्मीक का एक माह बाद 17 मई को विवाह संपन्न होना था।
जिसकी सगाई पिछले माह अशोकरनगर जिले के शेरगढ में हुई थी और 17 मई को विवाह होना तय हुआ था, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। धीरू की मौत के बाद परिवार में खुशियों की जगह मातम पसर गया।

