शिवपुरी। गुना लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी केपी यादव का नामांकन फॉर्म भराने कल नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव शिवपुरी आए और उन्होंने शिवपुरी की सभा में मंच से अधिकारियों को खुले आम गालियां दीं। भार्गव ने कहा कि जब हमारी सरकार थी तब अधिकारी सुबह से ही गुलदस्ता लेकर आते थे, मालाएं लेकर आते थे, लेकिन अब कोई नहीं आता। इसके बाद भार्गव ने अधिकारियों को धमकाते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद जब प्रदेश में हमारी सरकार बनाई गई तो हम अधिकारियों को उनकी औकात याद दिलाएंगे।
भाजपा प्रत्याशी केपी यादव नामांकन फॉर्म भरने के लिए शिवपुरी आए। नामांकन फॉर्म भरने के पहले वह सभा स्थल पहुंचे, लेकिन जब उन्होंने वहां खाली कुर्सी देखी तो वह नामांकन फॉर्म भरने कलेक्ट्रेट चले गए। इसके बाद वह सभा स्थल पर पहुंचे। सभा स्थल पर पार्टी प्रत्याशी केपी यादव ने कहा कि यह चुनाव सांसद का न होकर देशभक्तों एवं देशद्रोहियों के बीच है।
यहां से जो सांसद बनकर जाते हैं वह जेएनयू में देश के टुकड़े करने वाले लोगों का साथ देते हैं। वह केंद्र में मंत्री रहे, लेकिन उन्होंने कभी विकास नहीं किया और हमेशा अपनी जय-जयकार कराई। वह प्रधानमंत्री सडक़ का भूमिपूजन व लोकार्पण करने को ही विकास बताते हैं। जबकि प्रधानमंत्री सडक़ योजना की शुरूआत अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी।
सभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने अपने उदबोधन पर सिंधिया पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने इलाके में कोई विकास नहीं कराया है। केंद्र में लोकसभा चुनाव के बाद फिर मोदी सरकार बनेगी और इसके बाद प्रदेश में भी सत्ता परिवर्तन होगा और हमारी सरकार बनेगी। तब हम इन अधिकारियों को उनकी औकात दिखाएंगे।
सांसद को चरण-वंदना पसंद है
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने सिंधिया पर हमला बोलते हुए कहा कि यहां के जो सांसद हैं उन्हें चरण-वंदना पसंद हैं। उनकी सरकार की एक मंत्री तो सार्वजनिक रूप से उनकी चप्पल उठा रही थी जिसका समाचार भी प्रकाशित हुआ है।
गुना में भाजपा प्रत्याशी यादव ने कहा कि सिंधिया मेरे लिए कोई चुनौती नहीं है और इस बार यह सीट भाजपा के खाते में जा रही है। उन्होंने सिंधिया पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी ने न तो उन्हें मुख्यमंत्री लायक समझा और न ही उन्हें प्रदेश अध्यक्ष लायक। मेरी पार्टी एक आम कार्यकर्ता को सांसद पहुंचा रही है तो उनके पेट में दर्द हो रहा है।

