SHIVPURI NEWS - पार्षद के घर में महिला ने लगाई आग, मरणासन्न स्थिति, पार्षद भी झुलसी-अग्नि काण्ड में कई सवाल

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी के वार्ड नंबर 27 के पार्षद के घर में बुधवार सुबह पार्षद और एक महिला के बीच विवाद के दौरान आग लग गई। हादसे में दोनों महिलाएं झुलस गईं। इनमें एक भाजपा की महिला पार्षद है और दूसरी न्यू दर्पण कॉलोनी की रहने वाली है। पार्षद सुमन बाथम 20% तक झुलसी हैं, जबकि रानी नामदेव नाम की महिला करीब 95% झुलस गई हैं। दोनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज शिवपुरी भेजा गया, जहां से रानी को ग्वालियर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, रानी नामदेव ऑटो से पार्षद के घर पहुंची थीं। दोनों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर बहस और झड़प हुई। इसी दौरान अचानक आग भड़क गई, आग लगते ही पार्षद जलते हुए भागी। आस-पास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की। पेट्रोल से आग फैलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि पेट्रोल कहां से आया और आग कैसे लगी।

रानी 95% और पार्षद 20% तक झुलसी

आग की चपेट में आकर रानी नामदेव करीब 95 फीसदी तक झुलस गई हैं। वहीं, पार्षद सुमन भी 20 फीसदी तक झुलसी हैं। दोनों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया। जहां से रानी को ग्वालियर रेफर कर दिया गया।घटना के समय पार्षद सुमन बाथम के पति राजू बाथम घर में ही मौजूद थे। उन्होंने बताया कि मैं कमरे में सो रहा था, बाहर क्या हुआ मुझे जानकारी नहीं है। फिजिकल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसआई देवराज सिंह ने बताया, "प्रारंभिक जांच चल रही है। रानी नामदेव अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उनके बयान के बाद ही घटना की असली वजह सामने आएगी। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। 

पार्षद पति के साथ पिछले 15 सालों से दोस्ती
रानी नामदेव हाउसवाइफ है। उसका पति ऑटो चालक है। सूत्रों के मुताबिक रानी और पार्षद पति राजू के बीच पिछले 15 सालों से दोस्ती है। राजू ने ऑटो दिलाने और एक बेटी की शादी में मदद की थी। रानी का पति के साथ मंगलवार की शाम विवाद हुआ था। इसके बाद बुधवार सुबह रानी पार्षद के घर पहुंची थी।