SHIVPURI NEWS - श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर के लिए आई जयपुर से प्रतिमाए, शिवपुरी मे भव्य आगवनी

Bhopal Samachar
शिवपुरी। सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा विजयपुरम कालोनी में श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर का निर्माण कार्य किया जा रहा है जिसमें विराजमान होने के लिए जयपुर से तैयार होकर भगवान वासुपूज्य, मल्लिनाथ जी, नेमिनाथ जी, पार्श्वनाथ जी एवं महावीर स्वामी जी भगवान की प्रतिमाओं का शिवपुरी में आगमन हुआ। जैन समाज शिवपुरी ने भव्य आगवानी कर अभिनंदन किया तथा अस्थाई रूप से नव निर्मित श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर की नवीन वेदिकाओं पर विराजमान किया।

श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर विजयपुरम के अध्यक्ष विनोद कुमार जैन एवं सचिव अशोक जैन पड़ोरा वालों ने बताया कि पं संजय जैन जेवर एवं सुनील के मार्गदर्शन में जैन समाज द्वारा गुरुवार को नवीन प्रतिमाओं का पोलो ग्राउंड शिवपुरी पर भक्ति भाव से अभिनंदन किया।

तदुपरांत सभी प्रतिमाओं को नगर के मुख्य मार्गों से जुलूस के साथ विजयपुरम जैन मंदिर पर लाया गया जहां पर क्रेन के माध्यम से अभी अस्थाई रूप से वेदी में विराजमान किया गया है। शीघ्र ही शुभ मुहूर्त देखकर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन शिवपुरी में किया जाएगा। उसी में मंत्र आराधना एवं पूजन के माध्यम से सभी भगवान की एवं वेदियों की प्रतिष्ठा की जायेगी।

इसके उपरांत स्थाई रूप से जैन तीर्थंकरों की प्रतिमाओं को वेदी पर विराजमान किया जायेगा। सभी कार्यक्रम सानंद सम्पन्न होने पर मंदिर कमेटी द्वारा आगुंतकों को प्रभावना वितरण किया गया। भगवान की प्रतिमाओं के वेदियों पर सानंद विराजमान होने पर जैन समाज द्वारा गुरुवार को प्रातः काल की बेला में श्री नेमिनाथ दिगम्बर जैन मन्दिर विजयपुरम में श्री पंचबालयति विधान का आयोजन किया गया।