SHIVPURI NEWS- गुना जेल में बंद कैदी की पूरनखेडी टोल प्लाजा पर मौत, शिवपुरी में दामाद देगा मुखाग्नि

Bhopal Samachar
शिवपुरी। खबर शिवपुरी जिले के टोल प्लाजा पूरनखेडी से मिल रही है कि पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर इलाज के लिए गुना से ग्वालियर ले जा रहे कैदी की मौत हो गई। कैदी की पत्नि भी जेल में बंद है और उसका कोई बेटा भी नही है इसलिए शिवपुरी में उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा और मृतक कैदी का दमाद शिवपुरी में ही उसे मुखाग्नि देगा।

सजायाप्ता है कैदी-न्यायालय ने सुनाई थी 07 साल की सजा

जानकारी के अनुसार इंदौर के रहने वाले 67 वर्षीय श्याम पिता रघुवीर सिंह ठाकुर और उसकी पत्नी रेखा ठाकुर को जमीनी धोखाधड़ी के मामले में गुना कोर्ट ने 26 जून को 7 साल की सजा सुनाई थी। तभी से पति-पत्नी गुना जेल में बंद थे।

25 जुलाई को श्याम सिंह ठाकुर की तबीयत बिगड़ गई थी। जेल प्रबंधन ने श्याम सिंह ठाकुर को गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। तबीयत में सुधार नहीं आने के बाद डॉक्टरों ने श्याम सिंह ठाकुर को गुना के जिला अस्पताल से ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। गुरुवार की शाम 7:00 बजे जेल कर्मी सुरक्षा के बीच कैदी श्याम सिंह ठाकुर को ग्वालियर के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10:30 पूरनखेड़ी टोल प्लाजा के पास कैदी श्याम सिंह ठाकुर ने दम तोड़ दिया। कैदी के शव को रात में कोलारस के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया था, लेकिन डिस्ट्रिक्ट जज के आदेश के बाद कैदी का पोस्टमार्टम आज शिवपुरी में कराया गया है।

शिवपुरी में होगा अंतिम संस्कार, दामाद देगा मुखाग्नि

बताया जा रहा है कि 70 साल के श्याम सिंह ठाकुर का एक भी बेटा नहीं है। पत्नी जेल में बंद है। श्याम सिंह ठाकुर की दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटी की ससुराल शिवपुरी है। इसी के चलते आज श्याम सिंह ठाकुर का अंतिम संस्कार पोस्टमार्टम कराने के बाद शिवपुरी में ही दामाद के हाथों कराया जाएगा।