कुंए में मिली महिला की लाश, पति ने कहा साहूकारों के ब्याज से थी परेशान - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। खबर शिवपुरी शहर के देहात थाना अंतर्गत आने वाले गोशाला क्षेत्र से आ रही है कि गोशाला क्षेत्र में स्थित एक कुंए में एक महिला की लाश मिली हैं। महिला गोशाला में ही रहने वाली हैं,महिला के पति ने बताया कि उसने किसी साहूकार से 10 से 12 हजार रूपए ब्याज पर लिया था और उसे वह 40 हजार से अधिक रूपए दे चुकी हैं,लेकिन फिर भी उसका कर्ज नही उतर रहा था।

जानकारी के अनुसार ऊषा धाकड़ उम्र 35 वर्ष पत्नी राजनाथ सिंह धाकड़ निवासी गोशाला शिवपुरी की घर से दूर लुधावली स्थित एक सार्वजनिक कुएं में लाश मिली है। पति राजनाथ सिंह का कहना है कि पत्नी व बेटे ने किसी साहूकार से 10-12 हजार रु. का कर्ज लिया था।

जिसके एवज में 30-40 हजार रुपए लौटा भी चुकी है। इसके बाद भी कर्ज चुकता नहीं हो पाया है। राजनाथ का कहना है कि वह बारदाना सिलने का काम करता है। इसलिए कर्ज के बारे में उसे ज्यादा जानकारी नहीं है।

उसका बेटा ग्वालियर गया है, लौटने के बाद पता चलेगा कि कर्ज किससे लिया था। बुधवार को समूह वाले भी आए थे, जिन्होंने पैसा देने से मना कर दिया और अगले सप्ताह देने की बात कही। संभवत: समूह से पैसा उठाकर साहूकार को देना चाहती थी। इसे लेकर वह परेशान भी थी।

राजनाथ सिंह का कहना है कि उसकी पत्नी ऊषा धाकड़ ने बुधवार को घबराहट होने की बात भी कही थी। रात में दोनों सो गए और सुबह 6 बजे उठा तो पत्नी गायब थी। सोचा कि हर दिन की तरह सुबह घूमने गई होगी, लेकिन करीब 6:15 बजे एक लड़के ने आकर कहा कि किसी महिला की लाश लुधावली के कुएं में मिली है। फोटो दिखाया तो पत्नी निकली।
G-W2F7VGPV5M