मूंगफली मील में लगी आग, लाखों रुपए की मशीन जलकर खाक

Adhiraj Awasthi
पिछोर। शिवपुरी जिले के भौती कस्बे में देर रात एक मूंगफली मील में आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये की सौरटैक्स मशीनरी जलकर खाक हो गई। दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। भौंती कस्बे में स्थित मूंगफली मील में अचानक आग भड़क उठी। आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसके वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।

आग इतनी तेजी से फैली कि मील में लगी सौरटैक्स मशीनरी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। हालांकि, मील में रखा करोड़ों रुपये का मूंगफली दाना समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे नुकसान और बढ़ने से बच गया।

दमकल टीम ने पाया काबू
भौंती पुलिस के गश्ती दल ने घटना की सूचना मिल मालिक को दी। इसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय निवासियों के सहयोग से आग पर सफलतापूर्वक काबू पाया गया। इस अग्निकांड में व्यापारी बंटी नगरिया को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।