Shivpuri News, शारदा नशामुक्ति केंद्र के खेल से उजड़ रहा सुहाग, पति ने छीना मंगलसूत्र, पढिए खबर

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर आज एक विवाहिता अपने बच्चे के साथ शिकायत लेकर पहुंची,महिला का नशामुक्ति केन्द्र के संचालक पर आरोप हैं कि यह पैसे लेने के बाद भी बार बार मेरे पति को वहां से छोड़ देते हैं, जिसके बाद वह घर पर आकर मेरे और मेरे बच्चों के साथ मारपीट करता हैं,वहीं मेरा मंगलसूत्र भी छुड़ाकर लापता हो गया। इसकी शिकायत मैंने थाने पर की थी,लेकिन पुलिस वाले मेरी कोई सुनवाई नहीं करते हैं,हमें थाने से भगा देते हैं, मैं जैसे तैसे तो परचून की दुकान चलाकर अपने और अपने बच्चों का गुजारा कर रही हूं।

जानकारी के अनुसार वीरवती पत्नी दुर्ग सिंह पाल निवासी लुधावली ने बताया कि मेरा पति नशे का आदी है और घर में शराब पीकर उधम करता है। उसे सुधारने के लिए मैंने भारी भरकम फीस 12 हजार रूपये शिवपुरी शहर के शारदा नशा मुक्ति केंद्र में भर रही हूं, तथा मेरा पति नशा मुक्ति केन्द्र में पिछले 5 महीनों से भर्ती हैं। वहीं विवाहिता का आरोप है कि केंद्र के कर्मचारी श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने मेरे पति को अब तक तीन बार समय से पहले ही नशा मुक्ति केन्द्र से छोड़ दिया।

मेरे पति को भड़काने का काम करते हैं वहां से कर्मचारी

महिला का आरोप है कि कर्मचारी श्याम सुंदर मेरे पति को नशा करने और मेरे जेवर व रुपये छीनने के लिए उकसाता है। जब मैंने अपने पति को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर ले जाने की कोशिश की, तो आरोपी कर्मचारी ने उसे गुमराह कर मेरे पति को गाड़ी में बैठाकर श्योपुर भेज दिया।

मंगलसूत्र छीना और दी धमकी

पीड़ित महिला ने बताया कि मेरा पति 1 मार्च 2026 को अचानक श्योपुर से वापस घर आया और मेरे साथ गाली-गलौज व मारपीट की। उसने जबरन महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से चला गया। तब से मेरे पति का कोई पता नहीं है। वहीं महिला ने नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारी व अपने पति के खिलाफ मामला दर्ज कर न्याय की गुहार पुलिस अधीक्षक से लगाई हैं। महिला का कहना हैं कि अगर भविष्य में उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके जिम्मेदार उक्त आरोपी ही होंगे।