Shivpuri News, गमगीन परिवारों के बीच पहुंची खुशियां, ग्वाल समाज की अनूठी अनराऔ की होली

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर ग्वाल समाज ने अपनी सदियों पुरानी परंपराओं को जीवंत रखते हुए भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया। लुधावली, घोसीपुरा और ठकुरपुरा छावनियों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल फाग और कन्हैया गायन की गूंज सुनाई दी, बल्कि समाज के उन परिवारों के जख्मों पर मरहम भी लगाया गया जिन्होंने पिछले एक साल में अपने परिजनों को खोया है। सामाजिक एकजुटता और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच आयोजित इस मिलन समारोह ने आधुनिक दौर में भी अपनी जड़ों से जुड़े रहने का एक अनूठा संदेश दिया है।

लुधावली में आयोजित होली मिलन समारोह के बारे में जानकारी देते हुए बृजेश रियार(चौधरी) व ग्वाल सकल (पंच)शिवपुरी अध्यक्ष राजू ग्वाल ने बताया कि यहां समाजजनों के लिए शीतल पेय पदार्थ के रूप में ठंडाई की व्यवस्था की गई थी जिसका वितरण समस्त समाजनों महिला-पुरुष आदि में किया गया। इस के साथ ही घोसीपुरा व ठकुरपुरा छावनी में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया गया जहां समाजनों ने एक-दूसरे को होली के पावन पर्व की बधाईयां दी और गुलाल लगाकर होली का त्यौहार मनाया।

इसके साथ ही समाज के दिवंगत परिजनों को ढांढस भी बंधया गया और रंग गुलाल लगाकर उनके जीवन भी सदैव रंगों से भरा रहे ऐसी शुभकामना दी गई। यहां शोकाकुल परिवारों के यहां अनराऔ की होली के रूप में यह परंपरा प्रतिवर्ष निभाई जाती है जिसमें समस्त समाज सहित रिश्तेदार भी शामिल होते है। इस दौरान ठकुरपुरा, घोसीपुरा सहित लुधावली से बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष जन इस होली मिलन समारोह में शामिल हुए।