शिवपुरी। बामौरकलां थाना क्षेत्र में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात कंचनपुरा में रहने वाली वृद्धा के सूने घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये का माल साफ कर दिया। जब चोरी की घटना हुई तब वृद्धा अपने छोटे बेटे के यहां अशोक नगर गई थी। एफआइआर में 1.90 लाख रुपये की चोरी का जिक्र है, लेकिन पीडित परिवार के अनुसार करीब 10 लाख रुपये की चोरी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंद्रा पत्नी स्व. श्रीराम शेषा उम्र 62 वर्ष ने शिकायत में बताया कि 2 दिसंबर को सुबह 8:30 बजे वह अपने घर के ताले लगाकर छोटे लड़के नीलेश के यहां अशोकनगर चली गई थी।
साेमवार को सुबह पड़ोसी सुरेंद्र शर्मा का फोन आया कि घर के गेट खुले पड़े हैं। जिस पर तुरंत अपने लड़के नीलेश के साथ बामौरकला आए और देखा कि घर के गेट खुले हैं व चौखट टूटी हुई हैं।
अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था और अलमारी व बक्से के ताले टूटे हुए थे। घर से सोने की मटर माला एक-सवा तौला, सोने की चार चूडी वजन करीब तीन तौला, एक तौले का सोने का मंगलसूत्र, एक तौले से ज्यादा की झुमकी, सोने के टॉप्स, सोने की चेन, अंगूठी, करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी के आभूषण के साथ 10 हजार रुपये नकद और मकान व जमीन के रजिस्ट्री के कागजार, एफडी, बैटरी, अन्य दस्तावेज चोरी हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
7 तौला सोना, डेढ़ किलो चांदी साहित सामान की कीमत 1.90 लाख
पुलिस ने एफआइआर में चोरी गए सामान की जो जानकारी दर्ज की है और उसकी कीमत में काफी अंतर दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट में चोरी गए सामान की कुल कीमत 1.90 लाख रुपये आंकी गई है।
जबकि FIR में ही उल्लेख है कि करीब 7 तौला साेना और डेढ़ किलोग्राम चांदी की चोरी हुई है। इसकी कीमत ही करीब 4 लाख रुपये होती है। पीडिता का कहना है कि उसके घर से करीब 10 लाख रुपये का सामान गया है।

