Shivpuri News, बलात्कार के झूठे केस का डर दिखाकर वसूली करते थे, 4 साइबर गैंग के सदस्य गिरफ्तार

Adhiraj Awasthi

करैरा। ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत शिवपुरी जिले की करैरा पुलिस ने आज साइबर अपराधों के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट और अश्लील वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

महिलाओं के नाम पर फर्जी प्रोफाइल और ब्लैकमेलिंग
गिरफ्तार आरोपी महिलाओं के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों से अश्लील चैट और वीडियो कॉल करते थे। इस दौरान वे वीडियो रिकॉर्ड कर लेते थे। इसके बाद आरोपी स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों को बलात्कार या चाइल्ड पोर्नोग्राफी के झूठे केस में फंसाने की धमकी देते थे। केस सेटल करने के नाम पर ये गिरोह पीड़ितों से मोटी रकम वसूलता था।

फर्जी खातों का उपयोग
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में गठित टीम ने जब जांच की, तो सामने आया कि आरोपी शिवकुमारी लोधी के बैंक खाते का उपयोग ठगी के पैसे मंगाने के लिए कर रहे थे। पूछताछ में पता चला कि शिवकुमारी के बेटे अजेन्द्र और अंकेश इस गिरोह का हिस्सा थे और लोगों को पुलिस अधिकारी बनकर धमकाते थे। इस अपराध में HIIU, TOKKI और MIKA जैसे कई संदिग्ध ऐप्स का उपयोग किया जाता था।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
एसडीओपी करैरा श्री आयुष जाखड़ (IPS) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 मुख्य आरोपियों को दबोचा है,आरोपी प्रिंस राय उम्र 24 वर्ष निवासी टीला,राहुल लोधी उम्र 25 वर्ष निवासी कुचलोन, अजेन्द्र लोधी उम्र 25 वर्ष निवासी टीला, अंकेश लोधी निवासी टीला
इनके पास से 4 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने कुल 14 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है, जिनमें से 10 आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान वीडियो कॉल को न उठाएं और डिजिटल अरेस्ट जैसी धमकियों से न डरें। यदि कोई खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पैसों की मांग करे, तो तुरंत नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।