शिवपुरी। शिवपुरी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शनिवार को बाल संरक्षण एवं कुपोषण प्रबंधन पर सामाजिक संस्थाओं व संगठनों की एक बैठक का आयोजन किया गया। आंगनबाड़ी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित इस बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र सुंदरयाल ने बताया कि जिले में जनभागीदारी से कुपोषण मिटाने की पहल की जा रही है।
इसके लिए सामाजिक संस्थाओं व संगठनों से सहयोग लिया जा रहा है। डीपीओ सुंदरयाल ने बताया कि सामाजिक संस्थाएं आगे आकर कुपोषित बच्चों को गोद ले सकते हैं और उनके परिवार की मदद कर सकते हैं। इस बैठक में जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में मंगलम संस्था के सचिव राजेंद्र मजेजी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ अजय खेमरिया सहित अन्य एनजीओ व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कलेक्टर ने की पहल-
शिवपुरी जिले में जनभागीदारी से कुपोषण दूर करने की पहल कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने की है। पिछले दिनों एक बैठक के दौरान कलेक्टर ने कुपोषित बच्चों को पोषण युक्त उचित आहार उपलब्ध कराने के लिए अपनी ओर से 21 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी थी।
इस तरह जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एचपी वर्मा ने भी 21 हजार रुपये दिए हैं। कलेक्टर ने स्वयं आकर जिले के अधिकारी व नागरिकों से भी यह अपील की है कि वह इस अभियान से जुड़े और कुपोषित बच्चों को गोद लें और उनकी लगातार मॉनिटरिंग करें।
बालिकाओं को पुलिस में भर्ती के लिए दी जाएगी ट्रेनिंग
बैठक के दौरान डीपीओ ने बताया कि आने वाले समय में पुलिस विभाग में महिला आरक्षकों के पदों की भर्ती के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग एक निशुल्क ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है।
इसमें आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं को निशुल्क ट्रेनिंग देने का काम किया जाएगा। इस प्रोग्राम में भर्ती के लिए परीक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी व फिजिकल ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाया जाएगा। इसके लिए भी वास्तविक जरूरतमंद बालिकाओं को इस ट्रेनिंग प्रोग्राम से जोड़ने के लिए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से डीपीओ ने मदद की अपील की।

